नौगढ़ में आंधी-बारिश और वज्रपात का कहर, चार गोवंशों की मौत, महिला समेत दो बेटियां झुलसीं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। वज्रपात की चपेट में आने से चार गोवंशों की मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसकी दो बेटियां गंभीर रूप से झुलस गईं। वहीं कई स्थानों पर पेड़ गिरने से जनजीवन प्रभावित रहा।

चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बैरगाढ़ गांव निवासी बिंदु के चार गोवंश बारिश के दौरान खेत में थे। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने से चारों पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना पर उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

दूसरी घटना बसौली गांव की है। यहां अंजू अपनी दो बेटियों गुड़िया (10 वर्ष) और रमवंती (2 वर्ष) के साथ घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान बिजली की तरंगों की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. सत्य कुमार सिंह ने बताया कि अंजू का बायां पैर तथा गुड़िया की पीठ झुलस गई है। गुड़िया की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

आंधी-तूफान के चलते नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर डाकघर के सामने एक विशाल आम का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में साखू और आम के पेड़ बिजली गिरने से फट गए। एक बड़ा पेड़ अस्पताल भवन पर भी गिर गया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?