दो बालिकाओ की आकाशीय बिजली के चपेट में आने से मौत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

बारिश से बचने को पेड़ के नीचे खड़ी थीं बालिकाएं

सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद के घोरावल थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खेत में शौच के लिए गईं दो बालिकाएं बारिश शुरू होने पर एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं, लेकिन कुछ ही पलों बाद आकाशीय बिजली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से झुलसी दोनों बालिकाओं को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगवां नंदलाल गांव की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करमा थाना क्षेत्र के बसदेवा गांव निवासी 10 वर्षीय आंचल गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी मौसी के घर आई थी। मंगलवार की शाम वह गांव की 14 वर्षीय पूजा के साथ घर से कुछ दूरी पर खेत में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास में स्थित एक आम के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। तेज चमक और गरज के साथ आकाशीय बिजली पेड़ के पास गिरी और दोनों बालिकाएं उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।


दो मासूम बच्चियों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची घोरावल कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

Leave a Comment

1490
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?