रेणुकूट, सोनभद्र। जिला सोनभद्र के रेणुकूट निवासी रवि सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर भारत को गौरवान्वित किया है। हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेणुकूट के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत रवि सिंह ने रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 24 मई 2026 तक बुखारेस्ट में आयोजित हुई, जिसमें दुनिया के 37 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र रवि सिंह ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि रवि सिंह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी हैं जिन्हें इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिला।विश्व चैंपियनशिप के लिए रवाना होने से पूर्व सोनभद्र के जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रवि सिंह को शुभकामनाओं के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया था। अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का विषय बताया था। रवि सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, टीम कोच अतुल पंगोत्रा, मैनेजर डॉ. सुनील दत्त, अजय दलाल, सहयोगियों और हिण्डालको रेणुकूट प्रबंधन को दिया। उन्होंने क्वान की डो फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ सतीश ठुल, उत्तर प्रदेश क्वान की डो एसोसिएशन के महासचिव अमित कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार और संगठन के समस्त पदाधिकारियों का भी आभार जताया। रवि सिंह ने कहा, “देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गर्व है। यह उपलब्धि केवल मेरी नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने हर कदम पर मेरा समर्थन किया। मैं आगे भी पूरी मेहनत और समर्पण से भारत का नाम रोशन करता रहूंगा।” रवि सिंह की इस उपलब्धि पर रेणुकूट और पूरे सोनभद्र में खुशी का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।






