दिल्ली के लालकिला मैदान में दिखेगा जनजातीय संस्कृति समागम, सोनभद्र से रवाना हुए 5000 लोग
सोनभद्र। आस्था, संस्कृति एवं परंपरा की रक्षा तथा जनजाति जनजागृति हेतु राष्ट्रीय आयोजन दिल्ली के लालकिला मैदान में 24 मई को आयोजित किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारत सरकार के गृह मंत्री रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सोनभद्र के करमा नृत्य एवं पारंपरिक पूजा-पाठ से होगा।
दिल्ली के लालकिला मैदान में सोनभद्र की आस्था एवं सांस्कृतिक परंपरा का मंचन किया जाएगा। इसके लिए सोनभद्र से लगभग 5000 जनजाति भाई-बहन विभिन्न साधनों से कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए रवाना हुए।
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजीव कुमार गोंड और भाजपा के जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर कार्यक्रम में जाने वाले साधनों को रवाना किया। मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि जनजातीय आस्था और संस्कृति की रक्षा हमारा संकल्प है। इस आयोजन से देशभर में जनजातीय परंपराओं को पहचान मिलेगी।
कार्यक्रम जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले हो रहा है। यात्रा जनजाति सुरक्षा मंच के जिलाध्यक्ष शंभू गोंड के नेतृत्व में गई। यात्रा की व्यवस्था रामलखन, रविन्द्र कुमार, शिवप्रसाद, मुन्ना धांगर, कमलेश, प्रेम गोंड, देवेंद्र साहनी, अनिल धांगर, डॉ. शंभू, रामसेवक खरवार, विकाश मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, हीरेश द्विवेदी, शिवम मिश्रा, संदीप सिंह, पन्नालाल पासवान, मनोज चौबे, रवि, मनोज दुबे, सूर्यदेव, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने संभाली।
वहीं सदर विधायक भूपेश चौबे ने विधानसभा क्षेत्रवासियों को गमछा भेंट कर आग्रह किया कि घर से बाहर निकलते समय गमछा अवश्य बांधें, पर्याप्त पानी पिएं और अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें।






