ड्यूटी पर जा रहे पीआरबी जवान की दर्दनाक मौत: टैंकर ने मारी टक्कर, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में टूटी सांसें

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- सोनभद्र में हादसे से पुलिस महकमे में शोक, चार महीने पहले हुई थी तैनाती

बभनी (सोनभद्र)। जनपद के बभनी थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां ड्यूटी पर जा रहे पीआरबी जवान की टैंकर की टक्कर से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस विभाग और परिजनों में मातम छा गया।

मृतक जवान की पहचान 32 वर्षीय नीरज कुमार यादव पुत्र राम मिलन यादव निवासी नरसिंहगढ़, थाना कुंडा, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। नीरज कुमार यादव बभनी थाने में पीआरबी जवान के रूप में तैनात थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे दरनखांड़ गांव से सूचना मिलने पर वह अपने साथी भीम सिंह के साथ बभनी-अंबिकापुर मार्ग से मौके पर जा रहे थे।

जैसे ही उनकी टीम दरनखांड़ मोड़ के पास पहुंची और कॉलर के बारे में जानकारी लेने लगी, तभी रेणुकूट से अंबिकापुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पीआरबी जवान नीरज कुमार यादव समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर नीरज कुमार यादव को जिला अस्पताल से वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां बुधवार भोर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

जवान की मौत की खबर मिलते ही ट्रॉमा सेंटर में मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजन बेसुध होकर रोने लगे। वहीं बभनी थाने में भी शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार नीरज की तैनाती दो फरवरी को बभनी थाने में हुई थी और मात्र चार महीने में ही उन्होंने अपने व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा से सभी का दिल जीत लिया था।

हादसे में घायल इकदीरी निवासी 18 वर्षीय सौरभ का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

सवाल भी खड़े कर गया हादसा

यह हादसा एक बार फिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा कर गया है। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान तक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?