बीजपुर के झीलों गांव में हाई वोल्टेज करंट का कहर, पति-पत्नी की मौत, एक महिला झुलसी
बीजपुर, सोनभद्र। बीजपुर थाना क्षेत्र के झीलों गांव में शुक्रवार को हाई वोल्टेज करंट ने कहर बरपा दिया। अचानक उतरे करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में दहशत व गुस्से का माहौल है। जानकारी के अनुसार, झीलों गांव में अचानक हाई वोल्टेज करंट उतरने से हालात बेकाबू हो गए। घरों में लगे बिजली बोर्ड और दरवाजों के ऊपर से गुजर रहे तारों में आग लग गई और करंट पूरे घर में फैल गया। इसी दौरान फूलमती देवी दरवाजा खोलने पहुंचीं, जहां पहले से उतरे करंट की चपेट में आ गईं। पत्नी को तड़पता देख पति श्रीराम उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में इंद्रा देवी नाम की महिला भी गंभीर रूप से झुलस गईं। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में 11 हजार वोल्ट की मेन लाइन बंद कराई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर आक्रोश जताया है।






