अमित मिश्रा 8115577137
O- दहेज के 3 लाख लौटाने के लिखित वादे के बाद बैरंग लौटी बारात
म्योरपुर (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में शादी समारोह के दौरान ऐसा हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ, जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी। मंडप में बैठे दूल्हे की शराब की हालत देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि रातभर दोनों पक्षों के बीच विवाद चलता रहा और आखिरकार मामला थाने तक पहुंच गया।
जब सात फेरों के बीच ‘झूम’ उठा दूल्हा
सोमवार की रात मध्य प्रदेश के सिंगरौली से गाजे-बाजे के साथ बारात सोनभद्र के म्योरपुर पहुंची थी। स्वागत सत्कार हुआ, द्वारचार की रस्में भी निभाई गईं। लेकिन असली ड्रामा तब शुरू हुआ जब दूल्हा मंडप में पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से सोमवार को बारात म्योरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में पहुंची थी। शुरुआत में शादी की रस्में सामान्य तरीके से चल रही थीं, लेकिन मंडप में बैठे दूल्हे की हरकतों ने माहौल बदल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूल्हा नशे में इतना धुत था कि वह बार-बार लड़खड़ा रहा था और रस्मों के दौरान अचानक मुंह के बल गिर पड़ा।
दुल्हन पक्ष के लोगों ने पहले इसे थकान और नींद का असर समझा, लेकिन जब दूल्हा लगातार गिरने लगा और शादी की रस्मों में बाधा डालने लगा, तब उसके शराब के नशे में होने की बात सामने आई। यह देखते ही दुल्हन ने साहसिक फैसला लेते हुए शादी से इंकार कर दिया।
दुल्हन का साहसिक फैसला: “शराबी से शादी नहीं!”
दूल्हे की हालत देख दुल्हन ने एक पल की भी देरी नहीं की और शादी की रस्में बीच में ही रोक दीं। परिवार ने समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही। उसने स्पष्ट कर दिया कि जो व्यक्ति अपने जीवन के सबसे बड़े दिन पर खुद को नहीं संभाल सकता, वह भविष्य क्या संभालेगा।
“यह केवल शादी का सवाल नहीं, मेरे पूरे भविष्य और सम्मान का सवाल है।”
दुल्हन (परिजनों के अनुसार)
दुल्हन के इस फैसले के बाद बारात में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। दुल्हन पक्ष ने आरोप लगाया कि शादी से पहले दूल्हे की शराब पीने की जानकारी छिपाई गई। इसके साथ ही दहेज में दिए गए नगदी और सामान वापस करने की मांग उठाई गई।
थाने पहुंची बात, ‘लिखित’ वादे पर सुलझा विवाद
शादी टूटने की खबर से बारात में हड़कंप मच गया। रात भर मान-मनौव्वल और फिर बहस का दौर चला। मामला जब नहीं सुलझा, तो आधी रात के बाद थाने की चौखट तक पहुंच गया।
शुरुआत में दूल्हा पक्ष रकम लौटाने को तैयार नहीं हुआ । घंटों चली पंचायत और बातचीत के बाद आखिरकार वर पक्ष ने दहेज में दिए गए तीन लाख रुपये 40 दिनों के भीतर लौटाने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद बिना दुल्हन के ही बारात वापस लौट गई।
इस पूरे घटनाक्रम की इलाके में जमकर चर्चा हो रही है। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।







