दुस्साहसी चोरी: परिवार को कमरे में बंद कर सर्राफा व्यापारी के घर लाखों की वारदात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

चोपन (सोनभद्र) । जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक सर्राफा व्यापारी के घर में घुसकर लाखों की चोरी को अंजाम दिया। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने पहले पूरे परिवार को कमरे में बाहर से बंद कर दिया और फिर आराम से घर के अंदर रखे कीमती सामान पर हाथ साफ करते रहे।

घटना चोपन थाना क्षेत्र के कस्बे की है, जहां सर्राफा व्यापारी दिनेश वर्मा के घर बीती रात चोरों ने धावा बोला। जानकारी के अनुसार, परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद घर की ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर घर में दाखिल हुए और सबसे पहले कमरों के दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके।

इसके बाद चोरों ने घर के बक्सों और आलमारियों को खंगाल डाला। कपड़े और अन्य सामान बुरी तरह बिखेर दिए गए, जबकि कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह करीब साढ़े चार बजे जब दिनेश वर्मा की नींद खुली और उन्होंने दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो वह बाहर से बंद मिला। इसके बाद उन्होंने दीवार कूदकर किसी तरह बाहर निकलकर अन्य कमरों को खोला, जहां पूरा घर अस्त-व्यस्त मिला।

पीड़ित के मुताबिक चोर करीब 60 से 65 हजार रुपये नकद, ढाई से तीन भर सोना और तीन से चार भर चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि चोर दुकान में रखी तिजोरी तक नहीं पहुंच सके, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, आखिर चोर इतने बेखौफ कैसे हो गए कि घर में घुसकर पूरे परिवार को बंदी बनाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

पीड़ित व्यवसायी दिनेश वर्मा ने बताया की रात में सब सो रहे थे, चोरों ने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। सुबह जब उठा तो घर का सारा सामान बिखरा मिला, नकदी और जेवर सब गायब थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?