O प्राकृतिक सौंदर्य और भौगोलिक स्थिति से, रोजगार के अवसर सृजन होंगे
म्योरपुर (सोनभद्र)। स्थानीय विकासखंड म्योरपुर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़री स्थित खंता पिकनिक स्पॉट और अबाड़ी को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग की गई है। सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण चिंतक प्रशांत दुबे ने कहा कि यह क्षेत्र अन्य मैदानी जिलों से अलग है और यहां की प्राकृतिक सौंदर्य भी भिन्न है। श्री दुबे ने बताया कि यदि खंता और अबाड़ी को पर्यटन क्षेत्र बना दिया जाए तो यहां पर विदेशी सहित भारत के पर्यटक यहां पर बारोमाह घूमने के लिए आएंगे और यहां पर कुछ दिनो तक होमस्टे करके वह इस क्षेत्र की अलौकिक प्राकृतिक सौंदर्य को देखने के साथ-साथ यहां के भोजन को ग्रहण करेंगे। इससे यहां के लोगों की आमदनी सहित रोजगार के नए साधन सृजन होंगे।श्री दुबे ने कहा कि खंता और अबाड़ी का प्राकृतिक सौंदर्य और प्राकृतिक भौगोलिक स्थिति अलग होने के साथ-साथ यहां के रीती रिवाज भी भिन्न है। यहां के व्यंजन और वनस्पतियां भी आकर्षक हैं। रनटोला और मुर्धवा के 180 करोड़ वर्ष पुरानी चट्टानो के प्राकृतिक धरोहर और अलौकिक प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर पर्यटक आकर्षित होंगे। प्रशांत दुबे ने पांच दिन के लखनऊ प्रशिक्षण में वहां के दशहरी ग्राम पंचायत में जाकर उस दशहरी वृक्ष को देखा जो लगभग 350 वर्ष पुराना था। उन्होंने बताया कि जिस तरह लखनऊ का वह क्षेत्र प्रसिद्ध है उसी तरह यहां की वनस्पतियां, पेड़-पौधे और रनटोला एवं मुर्धवा के प्राकृतिक धरोहर को पर्यटन क्षेत्र बनाकर यहां के लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाया जा सकता है।







