इंस्टाग्राम पर प्यार, शादी का झांसा और शोषण, तीन बच्चों के पिता पर युवती का आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- पुलिस ने दर्ज की जीरो एफआईआर

बभनी (सोनभद्र) । सोशल मीडिया पर बढ़ते प्रेम प्रसंगों के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती ने युवती को धोखे और शोषण के जाल में फंसा दिया। छत्तीसगढ़ की एक युवती ने आरोप लगाया है कि सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के पोखरा गांव निवासी एक व्यक्ति ने करीब डेढ़ माह तक शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसके संपर्क में आया और धीरे-धीरे प्रेम संबंध का विश्वास दिलाकर शादी का वादा करने लगा। डेढ़ महीने तक चले इस कथित रिश्ते के दौरान आरोपी युवक युवती को विभिन्न स्थानों पर ले जाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

युवती के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि जिस व्यक्ति पर वह भरोसा कर रही थी वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है। सच्चाई सामने आते ही युवती के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

परिवार के साथ गुरुवार को पीड़िता बभनी थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली और घटना का क्षेत्राधिकार छत्तीसगढ़ से जुड़ा होने के कारण केस संबंधित थाने को ट्रांसफर कर दिया।

बभनी थाना प्रभारी निरीक्षक दिन्नु प्रसाद यादव ने बताया कि पीड़िता छत्तीसगढ़ राज्य की रहने वाली है और घटना का कुछ हिस्सा वहां से संबंधित है, इसलिए कानूनी प्रक्रिया के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित थाने को भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के जरिए बन रहे रिश्तों की सच्चाई और जोखिमों को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच संबंधित थाना क्षेत्र में की जाएगी और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर बढ़ते ऐसे मामलों ने सुरक्षा और जागरूकता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?