अस्पताल में डॉक्टर की नियुक्ति को लेकर, हस्ताक्षर अभियान और पदयात्रा से गूंजा क्षेत्र

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

कोन (सोनभद्र)। कोन विकास खंड के सरकारी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ और महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग को लेकर रविवार को बड़ा जनआंदोलन देखने को मिला। राष्ट्रीय नव निर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वावधान में ग्राम पंचायत खरौंधी में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा निकालकर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के खिलाफ आवाज बुलंद की गई।

अभियान का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु ने किया। उन्होंने कहा कि लगभग दो लाख की आबादी वाला कोन क्षेत्र आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि कोन के सरकारी अस्पताल में न तो हड्डी रोग विशेषज्ञ मौजूद हैं और न ही महिला डॉक्टर, जिसके कारण क्षेत्र की माताओं और बहनों को इलाज के लिए करीब 70 किलोमीटर दूर रॉबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी ग्रामीणों को बाहर जाना पड़ता है, जो गरीब और दूर-दराज के लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।

आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि आजादी के करीब 80 साल बाद भी कोन क्षेत्र की दो लाख आबादी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए तरस रही है। अस्पताल तो है, लेकिन न पर्याप्त दवाएं मिलती हैं और न ही जरूरी जांच मशीनें उपलब्ध हैं। अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे समेत कई आवश्यक जांच सुविधाएं न होने के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने को मजबूर होना पड़ता है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कोन अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ और महिला डॉक्टर की नियुक्ति नहीं होती, तब तक यह हस्ताक्षर अभियान और जनआंदोलन लगातार जारी रहेगा।

इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर आंदोलन को समर्थन दिया और पदयात्रा में शामिल होकर अपनी मांग को बुलंद किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कनौजिया, अरुण कन्नौजिया, अनिल खरवार (चाचा), सत्यनारायण पटेल, प्रदेश सचिव शरीफ खान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

1394
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?