अमित मिश्रा
सोनभद्र। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सोनभद्र में स्थित निजी महिला पीजी कॉलेज में रविवार को महिला सम्मेलन, पूर्व छात्रा मिलन और होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज की पूर्व छात्रा अनुराधा त्रिपाठी (अनुराधा पाठक) को ‘मिस कीनाराम अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह आयोजन कॉलेज परिसर में बड़े उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ, जिसमें पूर्व छात्राओं के साथ-साथ वर्तमान छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन कॉलेज की प्राचार्या मनु श्री तथा अंकित सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कॉलेज के निदेशक ने अनुराधा त्रिपाठी को ‘मिस कीनाराम अवार्ड’ से सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें प्रमाण पत्र, गुलाब के फूलों का ताज और गुलाब का गुलदस्ता भेंट किया गया।
इसके अलावा कॉलेज की अन्य पूर्व छात्राओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद अनुराधा त्रिपाठी ने भावुक होते हुए कहा कि वह कॉलेज के निदेशक डॉ. गोपाल सिंह को अपने पिता तुल्य मानती हैं। उन्होंने कॉलेज को अपना मायका बताते हुए छात्राओं को बहन और शिक्षिकाओं को बड़ी बहन तथा माता के समान बताया।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्राओं के बीच संवाद और मेलजोल बढ़ता है तथा छात्राओं में ‘मिस कीनाराम’ बनने की प्रेरणा भी मिलती है। कार्यक्रम के दौरान अनुराधा त्रिपाठी ने होली गीत और चैता गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आरती पाण्डेय , शालिनी , अनुपमा , अन्नपूर्णा सहित कई छात्राएं एवं पूर्व छात्राएं उपस्थित रहीं।






