चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत मझगावां गांव में मंगलवार को एक 18 वर्षीय युवती को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना उस समय हुई जब युवती अपने कच्चे मकान की पोताई कर रही थी। अचानक हुए इस हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार मझगावां निवासी चंद्रकला (18), पुत्री मुन्ना, घर के कोने में पोताई कर रही थी। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक जहरीले सांप ने उसके हाथ में डस लिया। कुछ ही मिनटों में युवती को पसीना आने लगा और चक्कर की शिकायत होने लगी, जिससे परिजन घबरा गए।

परिवार के लोगों ने पहले झाड़-फूंक का सहारा लिया, लेकिन हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे आनन-फानन में निजी साधन से नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात चिकित्सक डॉ. सुनील सिंह ने तत्काल एंटी-स्नेक वेनम देकर उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से युवती की हालत धीरे-धीरे स्थिर हो गई और उसकी जान बच सकी।
इस मौके पर डॉ. सुनील सिंह ने लोगों से अपील की कि सांप या किसी भी जहरीले कीड़े के काटने की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचें और झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वास से बचें।






