कालाबाजारी में जब्त 117 बोरी खाद की प्रशासनिक निगरानी में नीलामी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

म्योरपुर(सोनभद्र)। स्थानीय कस्बे में खाद की कालाबाजारी की शिकायत पर पूर्व में सील की गई 117 बोरी खाद की बृहस्पतिवार को प्रशासनिक निगरानी में सार्वजनिक नीलामी कराई गई। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई, जिसमें राजस्व, कृषि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, म्योरपुर कस्बे के उर्वरक विक्रेता धर्मेंद्र कुमार की दुकान पर कुछ माह पूर्व खाद की कालाबाजारी की शिकायत मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन जांच के दौरान एसडीएम निखिल यादव मौके पर पहुंचे थे। जांच में निर्धारित सीमा से अधिक मात्रा में खाद पाए जाने और स्टॉक रजिस्टर में अनियमितता मिलने पर दुकान को सील कर दिया गया था। इस दौरान कुल 117 बोरी खाद जब्त कर प्रशासनिक अभिरक्षा में रखी गई थी। प्रकरण की विस्तृत जांच के बाद बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी केके सिंह तथा थानाध्यक्ष रामदरस राम की मौजूदगी में जब्त खाद की नीलामी कराई गई। नीलामी के दौरान खाद को गुप्ता बीज भंडार व कृषि यंत्र, परसाटोला को निर्धारित दर पर आवंटित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। किसानों को समय पर निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। दोषी पाए जाने पर संबंधित दुकानदार का उर्वरक लाइसेंस पहले ही निरस्त किया जा चुका है। जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी शिकायत मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसानों से अपील की गई कि किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Comment

1359
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?