सोनभद्र के सिटीकार्ट मॉल में हाई-वोल्टेज ड्रामा, पत्नी की एंट्री से मॉल में महाभारत, प्रेमिका से जमकर भिड़ीं – युवक फरार, वीडियो वायरल

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- सिटीकार्ट मॉल बना अखाड़ा! दो महिलाओं की हाथापाई से मचा हड़कंप

सोनभद्र। जनपद सोनभद्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल सिविल लाइन रोड स्थित सिटीकार्ट शॉपिंग मॉल कुछ ही मिनटों में रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मॉल के भीतर दो महिलाओं के बीच हुई जबरदस्त हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून-व्यवस्था और सामाजिक मर्यादा, दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर बताया जा रहा है कि एक युवक अपनी कथित गर्लफ्रेंड के साथ मॉल में शॉपिंग कर रहा था। इसी दौरान उसकी पत्नी अचानक मॉल में पहुंच गई। पत्नी को सामने देखते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया। पहले तीखी नोंकझोंक हुई, जो कुछ ही पलों में गाली-गलौज और फिर खुली मारपीट में बदल गई।

हंगामे के बीच युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर हमला करती रहीं। मॉल के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खरीदारी करने आए लोग सकते में आ गए, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि कई लोग बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल फोन निकालकर वीडियो बनाते नजर आए।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों महिलाएं एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचती और मारपीट करती हैं। वायरल फुटेज में एक महिला के हाथ पर चोट के स्पष्ट निशान भी दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथापाई के दौरान दूसरी महिला ने कथित तौर पर दांत से काट लिया, जिससे चोट और गंभीर हो गई।

काफी देर तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मॉल में मौजूद कुछ लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों महिलाओं को अलग कराया। घटना की सूचना रॉबर्ट्सगंज कोतवाली थाना क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है, हालांकि इस मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत या पुलिस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

न्यूज़ एक्सप्रेस भारत यह स्पष्ट करता है कि वायरल वीडियो और उसमें किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

शहर के बीचों-बीच स्थित एक शॉपिंग मॉल में इस तरह की घटना ने न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर निजी विवाद किस तरह समाजिक अराजकता का रूप ले रहे हैं।

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?