अमित मिश्रा
अधिवक्ताओं ने इस मामले को लेकर किया कार्य बहिष्कार
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। स्टेट हाइवे 5 A हाथीनाला – नारायनपुर मार्ग रावर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी में स्थित एसीपी टोल प्लाजा पर एक महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय से टोल कर्मियों द्वारा किये गए मारपीट को लेकर नामजद दो आरोपियो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि अज्ञात सात से आठ लोगो की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय सपरिवार अपने वाहन संख्या UP64 AU 9142 से रॉबर्ट्सगंज से चोपन की ओर जा रही थीं। थाना रॉबर्ट्सगंज क्षेत्रान्तर्गत स्थित लोढ़ी टोल प्लाजा पर अगली गाड़ी का मैसेज प्राप्त न होने एवं टोल क्रॉस न हो पाने के कारण लेन संख्या-03 में कुछ वाहन खड़े हो गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। उक्त कारण से कुछ मिनटों की देरी होने पर आरती पाण्डेय सपरिवार एवं टोल कर्मियों के मध्य कहासुनी हो गई, जो बाद में विवाद एवं मारपीट में परिवर्तित हो गई। अधिवक्ता आरती पाण्डेय पुत्री राजकुमार पाण्डेय, निवासी सिविल लाइन रोड, कचहरी, रॉबर्ट्सगंज द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज पर धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352, 351(3), 74 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा घटना से सम्बन्धित दोनो नामजद आरोपी टोल कर्मियों को गिरफ्तार कर अग्रेत्तर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण-
- रामजी तिवारी पुत्र जयनारायण तिवारी, निवासी भौली कुरारा, जनपद हमीरपुर (उ0प्र0)
- सर्वेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव, निवासी करमीशिपुर मालीपुर, जनपद अम्बेडकर नगर (उ0प्र0)
वांछित आरोपी
7-8 टोल कर्मी नाम-पता अज्ञात।
इस गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा थाना रॉबर्ट्सगंज मय हमराह, उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव चौकी प्रभारी चुर्क थाना रॉबर्ट्सगंज जनपद सोनभद्र मय हमराह , उप निरीक्षक उमाशंकर यादव चौकी प्रभारी लोढ़ी मय हमराह शामिल रहे।







