म्योरपुर/सोनभद्र। डॉ. रागिनी प्रेम स्मृति अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता–2026 का फाइनल मुकाबला पीसीएम शाहगंज और बीएसए समृद्धि स्पोर्ट्स एकेडमी के बीच खेला गया। इससे पूर्व सेमीफाइनल में शानदार जीत दर्ज कर शाहगंज ने फाइनल में प्रवेश किया था, जबकि पूल बी में शीर्ष पर रहकर बीएसए समृद्धि स्पोर्ट्स की टीम फाइनल तक पहुंची थी।
फाइनल मुकाबले में बीएसए समृद्धि स्पोर्ट्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन शाहगंज की घातक गेंदबाजी के सामने टीम टिक नहीं सकी और मात्र 16 ओवर में 84 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। बीएसए की ओर से आदित्य गौतम ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों की मदद से सर्वाधिक 45 रन बनाए। शाहगंज की ओर से सुंदरम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए निर्धारित 5 ओवर में मात्र 14 रन देकर 6 विकेट झटके। सुंदरम ने गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 20 गेंदों पर 1 चौका और 5 छक्कों की मदद से 37 रन बनाए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाहगंज की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर 2 गेंद में 4 विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया और प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। बीएसए समृद्धि स्पोर्ट्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए प्रवेश ने 5 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट, जबकि आदित्य गौतम ने 2 ओवर में एक मेडन के साथ 9 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।फाइनल मुकाबले में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सुंदरम को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अंपायर की भूमिका आनंद श्रीवास्तव और दयाशंकर ने निभाई, जबकि स्कोरिंग की जिम्मेदारी शिवम और आदित्य जायसवाल ने संभाली। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम के सभी खिलाड़ियों को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। साथ ही मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बॉलर और बेस्ट बैटर को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर यूपीसीए के सचिव अजीज खान, सोनभद्र क्रिकेट एसोसिएशन के मुख्य चयनकर्ता शिशिर शर्मा, टीसीडी टीम दुद्धी के पूर्व मैनेजर डॉ. अज्जू, टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी के पूर्व अध्यक्ष जबीं खान, शमीम अंसारी, भूसा सिंह, ग्रासिम रेणुकूट से चांदनी निर्मल, अर्चना, शुभा प्रेम, उज्जवल राय, डॉ. विभा, कमला राम, देवनाथ सिंह, सुरेश, सुऐब ,निशांत सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पूरे टूर्नामेंट के सफल आयोजन में बीएसए समृद्धि स्पोर्ट्स एकेडमी के मैनेजर प्रमोद कुमार शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।इसके बाद शुभा प्रेम ने आए हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।







