सोनभद्र। जन कल्याण ग्रामोद्योग सेवा आश्रम, सोनभद्र द्वारा महिलाओं और किशोरियों के सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। शनिवार को संस्था द्वारा संचालित परियोजना “इम्पॉवर हर” के अंतर्गत जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में नगवा ब्लॉक के 10 ग्राम पंचायतों से कुल 50 महिलाओं और किशोरियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर, जिला प्रोबेशन अधिकारी से नीतू सिंह एवं सीमा द्विवेदी, रसेती से अंजनी एवं संजय उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों ने सरकारी योजनाओं पर विस्तृत जानकारी साझा की। वन स्टॉप सेंटर, विधवा पेंशन, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, चाइल्डलाइन (1098), 1076 आदि योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। मनरेगा योजना के तहत उपलब्ध अवसरों एवं महिलाओं के लिए विशेष प्रावधानों पर चर्चा की गई।







