नवीन कुमार
O- मेंस्ट्रुअल हेल्थ व हाइजीन पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कोन (सोनभद्र) । राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, कोन, जनपद सोनभद्र में किशोरवय बालिकाओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को स्वास्थ्य, सम्मान एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पधारे चिकित्सक डॉ. जयप्रकाश पटेल एवं उनके साथ आई महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने विद्यालय की किशोरवय छात्राओं को मासिक धर्म (Menstrual Health & Hygiene) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। इस दौरान मासिक धर्म के समय स्वच्छता बनाए रखने, सैनिटरी उत्पादों के सुरक्षित एवं सही उपयोग, संतुलित आहार तथा आवश्यक स्वास्थ्य सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने छात्राओं को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इसे एक प्राकृतिक प्रक्रिया बताया और आत्मविश्वास के साथ स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से प्रभारी प्रधानाचार्य शिशिर कुमार ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा किशोरवय बालिकाओं के स्वस्थ, सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







