नौगढ़ में वन भूमि से अतिक्रमण मुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई, जिलाधिकारी एवं डीएफओ के निर्देश पर, 12 बीघा वन क्षेत्र कराया गया मुक्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वन भूमि से अतिक्रमण हटाने का अभियान मंगलवार को सख्ती के साथ चलाया गया। मझगाई रेंज के चकरघट्टा वीट अंतर्गत भैसोड़ा कंपार्टमेंट संख्या–6, दानौगढ़ा वन क्षेत्र में रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 12 बीघा वन भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। अतिक्रमित क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही गेहूं की खड़ी फसल को जेसीबी मशीनों की मदद से नष्ट कर भूमि को कब्जे में लिया गया।

कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए असहज स्थिति उत्पन्न हुई, लेकिन रेंजर अमित श्रीवास्तव अपने निर्णय पर अडिग रहे और स्वयं मौके पर डटे रहकर अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराया। संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं डीएफओ बी. शिवशंकर के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, कुछ लोगों द्वारा खाली वन भूमि पर लंबे समय से अवैध खेती की जा रही थी। वन विभाग द्वारा कई बार चेतावनी और समझाइश के बावजूद कब्जा नहीं हटाए जाने पर विभाग को कठोर कदम उठाना पड़ा।

नायब तहसीलदार के नेतृत्व में की गई संयुक्त कार्रवाई में दो जेसीबी मशीनें और रोटावेटर लगाए गए। खड़ी फसल पर जेसीबी चलाकर पूरे क्षेत्र को समतल कर दिया गया। कुछ ही मिनटों में लहलहाती फसल का स्थान अतिक्रमणमुक्त भूमि में तब्दील हो गया। संभावित तनाव की स्थिति को देखते हुए वन विभाग के महिला एवं पुरुष कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए क्षेत्र को खाली कराया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सका।

वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने स्पष्ट किया कि सरकारी वन भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा या खेती पूरी तरह अवैध है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस अभियान में वन दरोगा महेंद्र सिंह चौहान, सोमेश प्रथम, सोमेश द्वितीय, शोभित, सावित्री, वीरेन्द्र पाण्डेय, प्रशांत, शुभम, वन रक्षक भोला यादव, चन्द्रशेखर सिंह, मुलायम सिंह, प्रेम सिंह, अभिषेक चतुर्वेदी, बीरबल, प्रमोद, जयप्रकाश यादव सहित जयमोंहनी व मझगाई रेंज के कर्मचारी मौजूद रहे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चकरघट्टा थाना पुलिस बल, 112 पीआरवी टीम, कानूनगो और हल्का लेखपाल भी मौके पर तैनात रहे।

रेंजर अमित श्रीवास्तव ने दो टूक कहा कि सरकारी वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?