भाजपा नेता का एसडीएम पर तीखा हमला, पट्टा प्रकरण में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

O- लसड़ा–अकछोर ग्राम पंचायत में सरकारी भूमि व नदी अस्तित्व को लेकर जांच की मांग

O- पूर्व जिलाध्यक्ष ने पट्टे के नाम पर खेल! एसडीएम कार्यालय पर भ्रष्टाचार के आरोप, प्रभारी मंत्री तक पहुंचेगा मामला

सोनभद्र। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी ने रॉबर्ट्सगंज उपजिलाधिकारी पर लसड़ा/अकछोर ग्राम पंचायत में किए गए पट्टों को लेकर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अपात्र व्यक्तियों को मनमाने ढंग से पट्टा दिए जाने से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा है, बल्कि सिरोही नदी के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा हो गया है। डॉ. तिवारी ने आरोप लगाया कि तहसील स्तर पर लेखपाल से लेकर कानूनगो और तहसीलदार तक की भूमिका संदिग्ध रही है। उनका कहना है कि जिन जमीनों पर पट्टा किया गया, वे पद-खाते की थी और विधिसम्मत रूप से पट्टे योग्य नहीं थीं। इसके बावजूद अधिकारियों-कर्मचारियों की कथित मिलीभगत से कब्जे की राह आसान की गई। भाजपा नेता ने एसडीएम कार्यालय पर कटाक्ष करते हुए कहा कि “तहसील को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है,” और यहां तक आरोप लगाया कि समयबद्ध प्रशासनिक उपस्थिति तक पर सवाल उठते हैं। उन्होंने एसडीएम के स्टेनो की भूमिका पर भी संदेह जताते हुए पूरे प्रकरण की विस्तृत व निष्पक्ष जांच की मांग की। डॉ. तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह मामला केवल पट्टों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और पर्यावरणीय क्षति का भी है। “नदी का अस्तित्व समाप्त करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी,” उन्होंने कहा। साथ ही यह भी ऐलान किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा जाएगा। प्रशासन से उन्होंने दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, पट्टों की वैधता की पुनर्समीक्षा और नदी क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। स्थानीय स्तर पर इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है, वहीं आमजन की नजरें अब जांच की दिशा और प्रशासनिक कदमों पर टिकी हैं।

Leave a Comment

1400
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?