नवीन कुमार
O- विद्यालय खुलने पर वीडियो बना रहे युवक से विवाद, मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज
कोन (सोनभद्र)। कड़ाके की ठंड और शीतलहर के मद्देनज़र जिलाधिकारी द्वारा विद्यालयों के संचालन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद कोन थाना क्षेत्र के ग्राम कचनरवा स्थित आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खुले होने का मामला सामने आया है। विद्यालय खुले होने की सूचना पर एक युवक द्वारा वीडियो बनाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यालय खुला देखकर ब्रह्मप्रकाश त्रिपाठी नामक युवक ने वीडियो बनाना शुरू किया। आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने उसे ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद मामला कचनरवा बाजार तक पहुंच गया, जहां वीडियो बनाने वाले युवक के पिता राम पीयूष त्रिपाठी और विद्यालय प्रबंधक के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विद्यालय प्रबंधक ने राम पीयूष त्रिपाठी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना पर पीड़ित ने डायल 112 पर कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए थाने आने की बात कही। इसके बाद पीड़ित राम पीयूष त्रिपाठी ने कोन थाने में प्रार्थना पत्र देकर पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी पर सवाल
शीतलहर के दौरान विद्यालय संचालन को लेकर जारी निर्देशों के बावजूद विद्यालय खुला पाए जाने से प्रशासनिक सतर्कता और अनुपालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।







