बसपा विधायक की कंस्ट्रक्शन कंपनी के अकाउंटेंट से 10 लाख की टप्पेबाजी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- सोनभद्र में दिनदहाड़े अपराध का दुस्साहस

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात शुक्रवार को सामने आई, जब सदर कोतवाली क्षेत्र में बसपा के रसड़ा विधायक की कंस्ट्रक्शन कंपनी के अकाउंटेंट से दिनदहाड़े करीब 10 लाख रुपये नकद टप्पेबाज उड़ा ले गए। यह वारदात जिले के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक, रामलीला ग्राउंड गेट के पास अंजाम दी गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुलती नजर आई।

मिली जानकारी के अनुसार, छात्र शक्ति नामक कंस्ट्रक्शन फर्म, उमाशंकर सिंह (बहुजन समाज पार्टी, रसड़ा विधानसभा क्षेत्र) से जुड़ी बताई जा रही है, के अकाउंटेंट नकदी लेकर वाहन से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वाहन कस्बा चौकी क्षेत्र अंतर्गत रामलीला ग्राउंड गेट के समीप पहुंचा, अचानक टायर पंचर हो गया। चालक वाहन का टायर बदलने लगा और इसी दौरान अकाउंटेंट भी गाड़ी से बाहर उतरे।

इसी क्षण घात लगाए अज्ञात टप्पेबाजों ने सुनियोजित तरीके से गाड़ी में रखा बैग पार कर दिया, जिसमें लगभग दस लाख रुपये नकद बताए जा रहे हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कई थानों की फोर्स के साथ विशेष टीमों को तत्काल सक्रिय किया गया। आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

मामले पर जानकारी देते हुए अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) ने बताया कि घटना बेहद गंभीर है। पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

दिनदहाड़े, एक राजनीतिक रूप से प्रभावशाली कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़ी इतनी बड़ी नकदी की टप्पेबाजी ने न सिर्फ आम लोगों बल्कि प्रशासनिक हलकों को भी झकझोर दिया है। सवाल यह उठ रहा है कि जब वीआईपी कनेक्शन वाली फर्म की रकम सुरक्षित नहीं, तो आम नागरिक की सुरक्षा का भरोसा कैसे किया जाए?

IMG 20260928 WA0019
IMG 20260928 WA0020

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1545
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?