वन विभाग का लगातार एक्शन, आरक्षित वन में फिर चला बुलडोजर, 40 बीघा खाली कराने के बाद पक्का निर्माण ध्वस्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र के मझगांई रेंज के चकरघट्टा बीट अंतर्गत परसिया भैसौंडा कंपार्टमेंट संख्या–5 में आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ वन विभाग का अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार को 40 बीघा से अधिक वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद शनिवार को वन विभाग ने दोबारा सख्त रुख अपनाते हुए चोरी-छिपे किए जा रहे पक्के निर्माण को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।

काशी वन्यजीव प्रभाग, रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के स्पष्ट निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। शनिवार दोपहर आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पक्के निर्माण की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में जयमोंहनी व मझगांई रेंज की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि गुप्तेश्वर चौहान समेत अन्य लोग आरक्षित वन भूमि पर पिलर खड़े कर पक्का मकान निर्माण करा रहे थे।

मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने बिना किसी देरी के जेसीबी लगाकर अवैध निर्माण, दीवारों और सीमेंटेड बीम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध का प्रयास किया, लेकिन पर्याप्त संख्या में मौजूद वनकर्मियों के चलते स्थिति नियंत्रित रही और विरोध शांत हो गया। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी गई।

वन विभाग ने इस गंभीर मामले में चार लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत वन अपराध का मुकदमा दर्ज किया है। विभाग ने दो टूक संदेश दिया है कि आरक्षित वन भूमि पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस अभियान में वन दरोगा महेंद्र सिंह चौहान, शिवपाल सिंह चौहान, अभिषेक चतुर्वेदी, रामजी यादव, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में वन कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?