चंदौली जिले के नौगढ़ स्थित मझगाई रेंज में आरक्षित वन भूमि पर कब्जे की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है। भैसौड़ा कंपार्टमेंट नंबर-4 के धौरवानार नाला के पास कुछ स्थानीय लोग वनवासियों को मजदूरी पर लगाकर जंगल का हिस्सा साफ करवा रहे थे। उनका उद्देश्य भविष्य में इस जमीन पर खेती का दावा कर कब्जा जमाना था।

वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव को देर रात एक अज्ञात व्यक्ति ने इस संबंध में सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने सुबह अपनी टीम को मौके पर भेजा। वन कर्मियों ने पहुंचकर अवैध रूप से काटी जा रही झाड़ियों को रुकवाया और कब्जे की कोशिश को तत्काल प्रभाव से रोक दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी देकर वहां से हटा दिया।
क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि मजदूरी के नाम पर वनवासियों को अवैध कार्यों में शामिल करना दंडनीय अपराध है। उन्होंने वन संरक्षण में वनवासियों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए ऐसे किसी भी अवैध कृत्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की।








