अमित मिश्रा
मुर्धवा–बीजपुर मार्ग के रनटोला रेलवे फाटक के पास बिगड़ी हालत
म्योरपुर (सोनभद्र)। मुर्धवा–बीजपुर मुख्य मार्ग पर रनटोला रेलवे फाटक के पास सड़क के ठीक बीचों-बीच बना गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गया है। तेज रफ्तार वाहनों और घुमावदार मोड़ के बीच यह गड्ढा दुर्घटना का कारण बनता जा रहा है, लेकिन विभाग अब तक उदासीन बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गड्ढा लगातार बड़ा और गहरा होता जा रहा है, जिससे दोपहिया वाहन सवारों को भारी जोखिम का सामना करना पड़ रहा है। सामने से भारी वाहन आने पर बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ने की आशंका हमेशा बनी रहती है।
गुरुवार को म्योरपुर से रेणुकूट जा रहे एक राहगीर की बाइक गड्ढे के पास अचानक संतुलन खोने से हादसा होते-होते बचा। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे हालात रोज देखने को मिल रहे हैं, लेकिन मरम्मत को लेकर अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीण बबई खरवार, अरविंद यादव, दिनेश जायसवाल, दीपक, राधे, रामजनम एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत कुमार दुबे ने बताया कि इस मार्ग पर पहले से ही दुर्घटनाएं आम हैं। गड्ढे के पास ही घुमावदार मोड़ होने के कारण जोखिम और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल गड्ढा भरवा कर सड़क दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।







