नौगढ़ में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन अभियान शुरू, बीएलओ घर-घर बांट रहे गणना पत्र

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के विकास खंड नौगढ़ में रविवार से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो गई। इस विशेष अभियान के अंतर्गत ब्लॉक क्षेत्र के सभी 68 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना पत्र वितरित कर रहे हैं।

गणना पत्र दो प्रतियों में दिए जा रहे हैं, जिनमें मतदाता का नाम, पता, आयु, लिंग व अन्य विवरण दर्ज हैं। मतदाताओं से इन सूचनाओं की पुष्टि करने और किसी भी त्रुटि या संशोधन की स्थिति में तत्काल बीएलओ को जानकारी देने की अपील की गई है।

खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अमित कुमार ने सोमवार को ग्राम पंचायत बाघी के बूथ संख्या-1 का निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान वहाँ तैनात बीएलओ हरीश कुमार मतदाताओं को गणना पत्र वितरित करते दिखाई दिए। बीडीओ ने वितरण की प्रक्रिया, मतदाताओं के सहयोग और फीडबैक के बारे में जानकारी ली।

बीडीओ ने स्पष्ट किया कि गणना पत्र वितरण कार्य पूर्ण पारदर्शिता और तत्परता से किया जाए ताकि आगामी मतदाता सूची संशोधन में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीएलओ को 4 दिसंबर तक अपने क्षेत्र के सभी घरों में गणना पत्र वितरित करने का लक्ष्य दिया गया है।

इस अभियान का उद्देश्य नई पात्र आयु वर्ग के मतदाताओं को शामिल करना, मृत अथवा स्थानांतरित व्यक्तियों के नाम हटाना और त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों का सुधार करना है। ब्लॉक प्रशासन ने इस कार्य की निगरानी के लिए प्रभारी अधिकारियों को भी नामित किया है।

बीडीओ अमित कुमार ने कहा, “मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव होती है। इसलिए हर नागरिक का सही विवरण इसमें दर्ज होना जरूरी है। सभी बीएलओ अपने कार्य को जिम्मेदारी और समयबद्धता से पूरा करें, ताकि नौगढ़ विकास खंड इस बार मतदाता सूची पुनरीक्षण में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर सके।”

Leave a Comment

1409
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?