अमित मिश्रा
सोनभद्र। सरकार के हर साल दो करोड़ रोजगार जैसे बड़े-बड़े वादे अब चाय की केतली की भाप बनकर उड़ गए हैं और बेरोजगारी का तेल आज भी खौल रहा है। इसी हकीकत को आईना दिखाने के लिए युवा कांग्रेस सोनभद्र ने सोमवार को जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज रेलवे क्रॉसिंग पर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सड़क किनारे चाय और पकौड़े का ठेला लगाकर सरकार की रोजगार नीतियों पर तीखा कटाक्ष किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने किया। विरोध रोकने के लिए प्रशासन ने उन्हें और कई कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट करने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेसियों ने पुलिस को चकमा देते हुए सड़क पर चाय की केतली चढ़ा दी और विरोध को सफल बनाया। रेलवे क्रॉसिंग पर उठती चाय की भाप और पकौड़ों की महक के बीच युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नारे गूंजते रहे, रोजगार दो, देश बचाओ और नौकरी चोर गद्दी छोड़।
जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि पढ़े-लिखे नौजवान रोजगार के अभाव में दर-दर भटक रहे हैं और सरकार उन्हें स्वरोज़गार के नाम पर पकौड़े तलने की नसीहत दे रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आज देश का नौजवान रोजगार नहीं, बल्कि जुमलों की गर्म चाय पीने को मजबूर है।
जिला उपाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव और महासचिव रोहिल मिश्रा ने संयुक्त बयान में कहा कि आज का विरोध साफ संदेश देता है कि नौजवान अब चुप नहीं बैठेगा। भाजपा सरकार को युवाओं का भविष्य बर्बाद करने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। शहर अध्यक्ष अनुपम द्विवेदी ने भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि रोजगार का सवाल सिर्फ युवाओं का ही नहीं बल्कि हर परिवार का है। जब नौजवान बेरोजगार रहेगा तो समाज और देश की प्रगति कैसे होगी?
इस विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जितेंद्र देव, प्रांजल श्रीवास्तव, रोहित मिश्रा, अनुज सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कांग्रेस पार्टी सड़क से संसद तक रोजगार के अधिकार की लड़ाई जारी रखेगी और बेरोजगारी हटाओ आंदोलन को और तेज करेगी।






