चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के सेमरा कुसही गांव में मंगलवार की शाम कुछ अज्ञात लोगों ने एक मजदूर पर घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में 45 वर्षीय निर्मल गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 10 से 12 लोग अचानक गिरोह बनाकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए निर्मल पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने घायल को तत्काल नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है।







