खाद न मिलने के कारण आक्रोशित किसानों ने किया प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

बभनी (सोनभद्र) । खाताधारकों को खाद न मिलने से भड़के किसान, चैनपुर लैम्पस पर जमकर हुआ हंगामा।

विकास खण्ड बभनी के चैनपुर स्थित सहकारी समिति लैम्पस पर किसानों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब खाताधारकों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराया गया। बुधवार को देर शाम किसानों ने जमकर प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

रन्दह गांव के संजय गुप्ता के नेतृत्व में जुटे किसानों ने आरोप लगाया कि सहकारी समितियों पर खाताधारकों को प्राथमिकता से खाद दिए जाने का नियम है, लेकिन यहां नियमों को ताक पर रखकर मनमानी की जा रही है। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई और मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।

ग्रामीण संतोष, राजेश, विद्या प्रसाद, कृष्णानंद, रामनारायण, विमला देवी, शम्भुनाथ, रामचरित्र, राजेश, रामसागर व हरिचरण ने बताया कि लैम्पस के सक्रिय सदस्यों को ही खाद नहीं मिल सका। आरोप लगाया गया कि समिति के कर्मचारी चुनिंदा लोगों को खाद उपलब्ध करा रहे हैं, जबकि अधिकांश किसान खाद के अभाव में खेतों की तैयारी तक नहीं कर पा रहे।

किसानों ने चेतावनी दी कि अगर तत्काल खाद की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की।

किसानों का कहना है कि खाद के अभाव में खेतों की फसलें सूखने की कगार पर हैं। धान की बुवाई का समय निकलता जा रहा है और अगर इसी तरह लापरवाही हुई तो जिले में उत्पादन पर गहरा असर पड़ेगा।

गुस्साए किसानों का यह भी कहना था कि सरकार किसानों की हितैषी होने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर आज भी किसानों को खाद, बीज और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

Leave a Comment

1377
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?