अमित मिश्रा
सोनभद्र । पर्यावरण संरक्षण संकल्प अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने रविवार को पंचमुखी महादेव मंदिर प्रांगण में हरिशंकरी का पौधा रोपित कर पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर पर्यावरण बैंक के सदस्यों के साथ उन्होंने पौधरोपण कर लोगों से अपील की कि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करें।
उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके संरक्षण और देखभाल की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। रोपे जाने वाले पौधे ऑक्सीजन देने वाले व फलदार होने चाहिए, ताकि वे पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ मानव समाज को प्रत्यक्ष लाभ भी पहुँचा सकें। एएसपी ने स्पष्ट किया कि “वृक्ष हैं तो जीवन है”, और प्रकृति को बचाने के लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण समय की माँग है।
इस कार्यक्रम में देवानंद पाठक, गेंदा लाल, परमानंद, राकेश चौधरी, बृजेश श्रीवास्तव, क्रांति सिंह, अभिषेक मिश्रा, भीम सिंह, वकील खान, सुनील सिंह, अखिलेश सिंह, श्याम यादव सहित कई पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास दिलाते हुए वृक्षारोपण को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प दोहराया।







