ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत के बाद हंगामा, डॉक्टर दंपती पर हमले और तोड़फोड़ के मामले में 11 नामजद, 40 अज्ञात पर केस दर्ज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में मचे बवाल के बाद पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

सोनभद्र। छपका स्थित पंचशील मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब एक महिला की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई और परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस मामले में अब रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने डॉक्टर दंपती पर हमले और अस्पताल में तोड़फोड़ करने के आरोप में 11 नामजद व 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामला मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के हिनौता गांव निवासी बिंदु देवी से जुड़ा है, जिन्हें बच्चेदानी में ट्यूमर की शिकायत पर छपका में स्थित पंचशील हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मृतका के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया की डबल डोज देने के कारण महिला की मौत हो गई, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने मौत की जानकारी देने के बजाय उसे वाराणसी ले जाने की सलाह दी। परिजनों ने कहा कि जब ऑपरेशन थिएटर के बाहर इंतजार करते हुए चार घंटे बीत गए, तो उन्हें शक हुआ। जब वे जबरन अंदर घुसे तो देखा कि बिंदु की मौत हो चुकी है।

सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ओटी का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। इस दौरान अस्पताल का स्टाफ और डॉक्टर गायब थे।

इधर, अस्पताल के डायरेक्टर पवित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि परिजनों को हायर सेंटर वाराणसी रेफर करने की सलाह दी गई थी, लेकिन मृतका के पति अरविंद, पिता चंद्रमा, भाई सुनील, अनिल, आशीष, सोनू विश्वकर्मा, अनिल विश्वकर्मा, बहन काजल, निशा, यशोदा समेत 30-40 लोग अस्पताल में लाठी, डंडा, लोहे की रॉड और सब्बल लेकर घुस आए और जानलेवा हमला कर दिया।

हमले में डॉक्टर अनुपमा मौर्या के पैर में फ्रैक्चर हो गया, वहीं उनके पति डॉ. अंजनी कुमार की छाती की हड्डी टूट गई है। दोनों का इलाज फिलहाल सरकारी अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा, अस्पताल में मशीनों को नुकसान पहुंचाया गया, दस्तावेज फाड़ दिए गए और अन्य सामान भी तोड़फोड़ की भेंट चढ़ गया।

रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन की तहरीर पर IPC की सुसंगत धाराओं के तहत 11 नामजद और 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Comment

1376
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?