नवीन कुमार
O- डिजिटल साथी फाउंडेशन, मिलान फाउंडेशन व प्रोजेक्ट बाला के तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न
कोन (सोनभद्र)। मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर किशोरियों को जागरूक करने हेतु आदर्श पब्लिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कचनरवा में बुधवार को विशेष माहवारी स्वच्छता जागरूकता अभियान व संगोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डिजिटल साथी फाउंडेशन, मिलान फाउंडेशन एवं प्रोजेक्ट बाला के संयुक्त प्रयास से सम्पन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में बालिकाओं को माहवारी जैसे सामान्य जैविक प्रक्रिया की वैज्ञानिक जानकारी देते हुए स्वच्छता बनाए रखने के उपाय, संतुलित पोषण, पुनः उपयोग योग्य सैनिटरी पैड के इस्तेमाल और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि माहवारी कोई शर्म या डर का विषय नहीं, बल्कि यह महिलाओं की प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिसे खुले मन से समझने और अपनाने की आवश्यकता है।
विद्यालय के प्रबंधक धनंजय कुमार तिवारी ने कहा, “यह हमारे विद्यालय में इस प्रकार का पहला आयोजन था, जिसमें छात्राओं ने खुलकर अपने सवाल पूछे और विशेषज्ञों से समाधान पाए।”
डिजिटल साथी फाउंडेशन के संस्थापक वेद ओझा ने कहा, “ऐसे अभियान समाज की जड़ों को छूते हैं और आने वाली पीढ़ी की लड़कियों को मानसिक, शारीरिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाते हैं।”
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ समेत स्थानीय महिलाओं की भी भागीदारी रही। आयोजन के अंत में सहभागियों को प्रमाण पत्र व स्वच्छता किट भी वितरित किए गए।







