सी एस पाण्डेय
O- बारिश बनी मुसीबत, नदी में फंसी ट्रक, कट गया रास्ता, घरों में घुसा पानी
सोनभद्र । जिले में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से पटरी से उतार दिया। बारिश के कारण नदी-नालों में आए जबरदस्त उफान से कई जगहों पर संकट खड़ा हो गया। बभनी-जरा मार्ग पर एक ट्रक नदी पार करते समय फंस गई, तेज बहाव में ट्रक का चक्का दलदल में धंस गया। ड्राइवर और क्लीनर ने किसी तरह जान बचाकर खुद को सुरक्षित निकाला।
बारिश के चलते निर्माणाधीन पुल की एप्रोच बह गई, जिससे आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। सोनभद्र से मध्यप्रदेश की ओर जाने वाला यह महत्वपूर्ण मार्ग जाम के कारण कई किलोमीटर तक थमा रहा।


तेज बारिश का असर सिर्फ सड़कों तक ही नहीं रहा। गांवों और कस्बों में पानी घरों तक जा पहुंचा। लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कें पानी से लबालब हैं और कई जगहों पर मुख्य मार्ग तक तालाब में तब्दील हो चुके हैं।
स्थानीय राहगीरों ने जलभराव और अव्यवस्था के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाले, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन की लचर तैयारियों और लापरवाह रवैये पर तीखा आक्रोश जताया है।


बारिश ने न केवल बुनियादी ढांचे की पोल खोल दी है, बल्कि लोगों की दिनचर्या को भी थाम दिया है। अब जरूरत है कि प्रशासन सक्रिय होकर राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाए, वरना हालात और भी बदतर हो सकते हैं।







