नवीन कुमार
अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर कोन में महिला सम्मेलन संपन्न
नारी अगर ठान ले, तो परिवर्तन तय है- रूबी मिश्रा
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। महान मराठा शासिका और नारी सशक्तिकरण की प्रतीक अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कोन ब्लॉक परिसर में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला जागरूकता, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता पर विचार रखे गए। इस अवसर पर सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र की कई सक्रिय महिलाएं व गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख रूबी मिश्रा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मबीर तिवारी ने सम्मेलन को संबोधित किया। आयोजन की संयोजक कुसुम शर्मा रहीं, जिन्होंने मंच संचालन करते हुए महिलाओं से सशक्त समाज के निर्माण में योगदान की अपील की।
मुख्य अतिथि डॉ धर्मवीर तिवारी ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर वह शासिका थीं जिन्होंने न केवल न्याय और धर्म को प्राथमिकता दी, बल्कि संकट के समय में अपने नेतृत्व कौशल से राज्य को एकजुट रखा। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि नारी चाहे तो समाज में किसी भी बदलाव की अगुआ बन सकती है।
ब्लॉक प्रमुख रूबी मिश्रा ने कहा,आज की नारी सिर्फ घर नहीं, देश भी चला सकती है। अहिल्याबाई ने जिस समर्पण और विवेक से शासन किया, वह आज की महिलाओं के लिए उदाहरण है। शिक्षा और आत्मविश्वास से महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी बन सकती हैं।”कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और स्व-सहायता समूहों की जानकारी भी दी गई।
स्थानीय छात्राओं द्वारा प्रस्तुत अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित नाट्य मंचन और सशक्त नारी पर गीत को उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिलाओं ने मिलकर समाज में बदलाव लाने की शपथ ली।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियाँ, शिक्षिकाएं, छात्राएं, स्व-सहायता समूह की महिलाएं और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि इस तरह के आयोजनों से उनमें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार होता है।







