अमित मिश्रा
हथिनाला (सोनभद्र) । जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत कोडरी गांव में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने की एक दर्दनाक घटना सामने आई। इस हादसे में 6 वर्षीय मासूम मुनिया, पुत्री बृजमोहन की मौके पर ही मौत हो गई। मुनिया खेलते समय अचानक मौसम बिगड़ने पर तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली की चपेट में आ गई।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की सूचना पर हाथीनाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। बारिश के मौसम में लगातार हो रही आकाशीय बिजली की घटनाओं ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है।
प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक सहायता या मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है।







