नौगढ़ ब्लॉक में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 38 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ ब्लॉक परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 38 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। इनमें 36 हिंदू तथा 2 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। हिंदू वर-वधुओं का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडितों द्वारा संपन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवी द्वारा इस्लामिक रीति-रिवाज से कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य रहे। उनके साथ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ गुड्डू सिंह तथा खंड विकास अधिकारी विकास सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर विवाह समारोह का शुभारंभ किया।

आयोजन समिति के अनुसार, विवाह करने वाले 38 जोड़ों में से 34 जोड़े नौगढ़ क्षेत्र के थे, जबकि चकिया ब्लॉक के दो जोड़ों का विवाह चकिया नगर पालिका द्वारा पंजीकृत कराया गया था। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक कन्या को ₹60,000 की धनराशि के साथ पायल, बिछिया, साड़ी, ट्रॉली बैग सहित अन्य आवश्यक उपहार प्रदान किए गए।

समारोह के अंत में मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने सभी मंडपों में पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया तथा सभी नवदम्पतियों के सुखमय और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में आईएसबी अनिल कुमार पटेल, एडीओ समाज कल्याण सिद्धार्थ, एडीओ कोऑपरेटिव सुधीर कुमार आर्य, सहायक विकास अधिकारी उपेंद्र साहनी, ग्राम प्रधान ईश्वर प्रसाद, ग्राम प्रधान कृष्ण कुमार जायसवाल, सेक्रेटरी गुड्डू प्रसाद, सेक्रेटरी वरुण सिंह, सेक्रेटरी गौतम सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?