नवीन कुमार
O- स्कूल जाने से पहले घरेलू कार्य के दौरान हुआ हादसा, CHC पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सोनभद्र। जिले के कोन थाना क्षेत्र अंतर्गत कुड़वा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोरी काजल की जहरीले जंतु के डंस से मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, काजल सुबह स्कूल जाने से पहले घर में कुछ घरेलू कार्य कर रही थी, तभी किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। परिजन तत्काल उसे निजी वाहन से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) दुद्धी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि काजल पढ़ाई में होनहार थी और अक्सर सुबह के समय घरेलू कामकाज में परिवार का सहयोग करती थी। इस असामयिक मौत से पूरे परिवार सहित गांववाले स्तब्ध हैं।

पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जहरीले जंतुओं से बचाव और तत्काल चिकित्सा व्यवस्था की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।







