सी एस पाण्डेय
स्कूल से घर लौटते समय झाड़ी से फूल तोड़ रही थी मासूम, उपचार के बाद फिर बिगड़ी तबीयत
बभनी (सोनभद्र)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़होर गांव में सांप के काटने से छह वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान सलाहुद्दीन की पुत्री सफीना के रूप में हुई है। वह प्राथमिक विद्यालय बड़होर प्रथम में कक्षा एक की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्कूल से घर लौटते समय सफीना सड़क किनारे स्थित झाड़ी से फूल तोड़ रही थी। इसी दौरान झाड़ी में छिपे सांप ने उसे काट लिया, जिससे वह अचानक गिर पड़ी। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर ले गए। वहां उपचार के बाद उसकी तबीयत में सुधार होने पर परिजन उसे घर ले आए।
शुक्रवार शाम अचानक सफीना की तबीयत फिर बिगड़ने लगी। परिजन उसे दोबारा अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी बीच उसकी मौत हो गई। मासूम की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शनिवार सुबह मृतका के पिता सलाहुद्दीन ने बभनी थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक शिव मूरत यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









