वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज/सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। आगामी छठ महापर्व को देखते हुए सतत वाहिनी नदी स्थित छठ घाट की साफ-सफाई का अभियान शुरू कर दिया गया है। इस पुनीत कार्य का बीड़ा सन क्लब सोसायटी के युवाओं ने उठाया है। युवाओं की इस पहल से क्षेत्र में स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देखने को मिल रहा है।
सफाई अभियान में क्लब के अध्यक्ष शिवम मद्धेशिया उर्फ विक्की, संयोजक देवेश चंद्र उर्फ डीसी मद्धेशिया ने आगे बढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अपने सहयोगी युवाओं के साथ नदी घाट पर पहुंचकर साफ-सफाई के कार्य में श्रमदान किया
युवाओं ने एकजुट होकर छठ घाट एवं नदी परिसर की सफाई शुरू की, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को महापर्व के दौरान स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
इस नदी की सफाई कर रहे युवाओं का कहना है कि छठ महापर्व हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है। ऐसे में घाटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस पहल से यह संदेश भी दिया गया कि सामाजिक बदलाव के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय समाज के युवाओं को भी आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।










