2021 के लिखित वादे पूरे न होने का आरोप, चेतावनी – वादे फिर टूटे तो ग्रामीण भारत फिर उतरेगा सड़कों पर
सोनभद्र। गुरुवार को राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा / उत्तर प्रदेश किसान सभा, सोनभद्र के कार्यकर्ताओं ने जिला मंत्री कॉ. नंदलाल आर्य के नेतृत्व में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, भारत सरकार को ज्ञापन सौंपा।
यह गुरुवार को शुरू हुए ऐतिहासिक किसान संघर्ष की छठी वर्षगांठ का प्रतीक है। छह साल पहले किसान सड़कों पर उतरे थे और सरकार को झुकना पड़ा था। आज फिर वही स्थिति बन रही है।
सभा के नेताओं ने कहा कि 9 दिसंबर 2021 को केंद्र सरकार ने किसानों से लिखित वादे किए थे, जो आज तक पूरे नहीं हुए। जिन कानूनों को किसानों ने हराया था, उन्हें अब व्यापार समझौतों, नए कोड, अधिसूचनाओं और सॉफ्टवेयर के जरिए फिर से लागू किया जा रहा है।
हमारी 7 प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता न किया जाए, सभी मौजूदा मुक्त व्यापार समझौते रद्द किए जाएं।, MSP पर C2+50% का कानून बने और सभी फसलों की खरीद की गारंटी दी जाए।, किसानों का पूरा कर्ज माफ हो, PMFBY खत्म कर सार्वजनिक क्षेत्र में फसल और पशुधन बीमा निगम बने, आत्महत्या पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा मिले।, बिजली निजीकरण विधेयक 2025, बीज विधेयक 2025 और NFSA संशोधन विधेयक वापस लिए जाएं, प्रीपेड स्मार्ट मीटर जबरन न लगाए जाएं।, जमीन का जबरन अधिग्रहण और कॉरपोरेट लैंड पूलिंग बंद हो, LARR 2013, FRA 2006 और PESA 1996 के तहत भूमि अधिकारों की रक्षा हो, बेकार पड़ी अधिग्रहित जमीन किसानों को वापस हो।, श्रम संहिताएं रद्द हों और सभी श्रमिकों के लिए 42,000 रुपये न्यूनतम वेतन तय हो।, मनरेगा बहाल हो, 200 दिन काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी मिले, 60 वर्ष से ऊपर के हर किसान-मजदूर को 21,000 रुपये मासिक पेंशन और सबको मुफ्त सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा मिले।
इसके साथ ही सभा ने पुरजोर मांग की है कि SIR मतदाता सूची रद्द की जाए, 2024 की मतदाता सूची बहाल की जाए और निष्पक्ष व स्वतंत्र चुनाव के लिए व्यापक चुनावी सुधार लागू किए जाएं।
सिंघु बॉर्डर पर 2020-21 के संघर्ष में शहीद हुए 736 किसानों की याद में शहीद स्मारक के लिए जमीन देने, अति-धनी लोगों पर कर लगाने, राज्यों को डिविजिबल पूल में 50% हिस्सा देने और आपदा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था की भी मांग की गई।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि वादे फिर तोड़े गए, तो ग्रामीण भारत फिर सड़कों पर उतरेगा, ठीक वैसे ही जैसे छह साल पहले उतरा था।
ज्ञापन सौंपने में मुख्य रूप से कॉ. नंदलाल आर्य – जिला मंत्री, कॉ. प्रेमनाथ – जिला संयोजक, सोनभद्र, कॉ. श्याम नारायण सिंह – जिला उपाध्यक्ष, किसान सभा, कॉ. महेंद्र सिंह – जिला उपाध्यक्ष, किसान सभा, कॉ. पुरुषोत्तम अध्यक्ष खेमयू, कॉ. लल्लन राम, कॉ. रामेश्वर विश्वकर्मा आदि प्रमुख रूप से कार्यक्रम में शरीक हुए।










