प्रकाश जीनियस पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा ने LKG से 12वीं तक की पढ़ाई यहीं से की, विद्यालय परिवार में हर्ष
सोनभद्र। प्रकाश जीनियस पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्रा शिवांगी दुबे ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ऑल इंडिया संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में 9वां स्थान प्राप्त कर विद्यालय, अपने गांव एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। विशेष गर्व की बात यह है कि शिवांगी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एलकेजी से लेकर कक्षा 12वीं तक प्रकाश जीनियस पब्लिक स्कूल से ही प्राप्त की है। इस उल्लेखनीय सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष एवं गर्व का वातावरण है।
उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जैन* एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष कुमार पांडेय शिवांगी के घर पहुंचे और उन्हें हृदय की गहराइयों से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सम्मानित किया।
प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जैन ने कहा कि यह सफलता उनकी अथक मेहनत, अटूट संकल्प, निरंतर संघर्ष एवं मजबूत इच्छाशक्ति का प्रतिफल है। यह उपलब्धि केवल उनके लिए नहीं बल्कि परिवार एवं सभी शुभचिंतकों के लिए भी गर्व का विषय है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पद की गरिमा, कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित करें।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि यह मेहनत, लगन एवं समर्पण का सुखद परिणाम है। उन्होंने कामना की कि शिवांगी अपने कार्यक्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां प्राप्त करें तथा पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ देश और समाज की सेवा करें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी शुभकामनाएं एवं बधाई दी।









