मां सिद्धिदात्री की आराधना, कन्याओं को चुनरी-फल-दक्षिणा देकर लिया आशीर्वाद
म्योरपुर (सोनभद्र)। विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में नवरात्रि की नवमी तिथि पर पूजा पंडालों में विधि-विधान से मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना हुई। आश्रम मोड़ पर नवमी के दिन कन्या पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने कन्याओं को देवी का रूप मानकर पूजा की और उन्हें भोजन कराया।
इस दौरान कन्याओं को चुनरी, फल, मिठाई और दक्षिणा देकर आशीर्वाद लिया गया। पूजा पंडालों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। पूजन के बाद प्रसाद वितरण किया गया और भक्तों ने मां दुर्गा से सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस दौरान यजमान सौरभ राय, कमेटी अध्यक्ष विशाल अग्रहरि, सौरभ मद्देशिया, प्रशांत दुबे, सुनील, आदित्य, अमन, प्रवीण यादव, अभिषेक श्रीवास्तव, दिनेश जायसवाल, रामचंद्र दुबे आदि भक्त पूजा में मौजूद रहे।









