चंदौली जिले में नौगढ़ थाना क्षेत्र के बोदलपुर गांव में गुरुवार सुबह जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद हिंसक झड़प हो गई। आरोप है कि पाटीदार पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से राम अवतार यादव पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और धारदार हथियार के वार से दाहिना पैर बुरी तरह कट गया। गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया गया कि बोदलपुर गांव निवासी राम अवतार यादव गुरुवार सुबह अपनी गाय के बछड़े को लेकर घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पाटीदार पक्ष के कुछ लोग वहां पहुंच गए और किसी बात को लेकर उनसे कहासुनी करने लगे। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान पाटीदार पक्ष के लोगों ने धारदार हथियार से राम अवतार पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं।
घटना की जानकारी होने पर राम अवतार की बेटी राजमती मौके पर पहुंचीं। पिता की हालत गंभीर देख उन्होंने अपने भाई इंद्रजीत को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लाया गया।
सीएचसी नौगढ़ में चिकित्सक डॉ. चंद्र कुमार और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. चंद्र कुमार ने बताया कि गंभीर हालत में एक व्यक्ति को अस्पताल लाया गया था। उसके हाथ और पैर में गंभीर चोटें थीं तथा दाहिना पैर बुरी तरह कट गया था। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
नौगढ़ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिली है। परिजनों की ओर से थाने में लिखित तहरीर दी गई है। मामले में पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।








