नगर पालिका में संभव दिवस का आयोजन, 24 शिकायतों का हुआ निस्तारण
सोनभद्र। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में सोमवार को संभव (समाधान) दिवस का आयोजन किया गया। अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद और अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने की।
शासन के आदेश पर प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले इस जनसुनवाई दिवस में जिले के नगरीय निकायों से कुल 24 शिकायतें प्राप्त हुईं।
निकायवार शिकायतें
नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 2, घोरावल में 2, चुर्क-घुर्मा में 2, चोपन में 5, ओबरा में 4, रेनुकूट में 2, पिपरी में 3, दुद्धी में 2, डाला बाजार में 1 और अनपरा में 1 शिकायत प्राप्त हुई। मुख्य रूप से साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग प्रकाश से संबंधित शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।
अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि जनता की समस्याओं से रूबरू होकर उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की शीर्ष प्राथमिकता है।
वहीं नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि बरसात खत्म होते ही सड़क, नाली और पानी की व्यवस्था मुकम्मल की जाए ताकि आम जनमानस को किसी प्रकार की समस्या न हो। विस्तारित क्षेत्रों की समस्याओं का भी विभागीय कर्मचारी गंभीरता से निस्तारण करें।
इस मौके पर सभासद राजकुमार राज, अनवर अली, सुनील कुमार, आशीष केसरी, अजीत सिंह, सुजीत कुमार, संत सोनी, विमलेश, राजीव, राहुल चौहान सहित पालिका कर्मचारी मौजूद रहे।









