वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र) । सोनभद्र जिले के विंढमगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान भागमन देवी (55), पत्नी रामलखन गोंड, निवासी तुनिया, थाना कोन, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब तीन महीने से केवाल निवासी विजय गोंड, पुत्र जय रामा गोंड, के यहां रह रही थीं।

बताया गया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे रेलवे पोल संख्या 62/31 से 62/33 के बीच अपलाइन पर वह ट्रेन की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की।
इस संबंध में विंढमगंज थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।









