ग्रामीण बोले- जनसुनवाई पोर्टल पर फर्जी निस्तारण, बारिश से पहले वैकल्पिक मार्ग बनाने की मांग
सोनभद्र। मंगलवार को कर्मा ब्लॉक के जुड़वरिया ग्राम पंचायत के लोगों ने चकरोड की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो वर्षों से अधिकारियों को बार-बार अवगत कराया जा रहा है, किंतु आज तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि चकरोड के लिए जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। पहली बार पोर्टल पर शिकायत पिछले साल 28.09.2025 को दी गई, जिसकी संदर्भ संख्या 92520000018762 है। आरोप है कि इसका निस्तारण फर्जी ढंग से किसी अन्य का मोबाइल नंबर डालकर कर दिया गया। ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी की प्रक्रिया को संदिग्ध मानते हुए कहा कि जब भी जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की जाती है तो फर्जी तरीके से किसी अन्य का नंबर डालकर मामले को दबा दिया जा रहा है। लोगों को भय है कि बरसात के दिनों में आवागमन का एकमात्र यही रास्ता है। बारिश होने पर लोगों को कीचड़युक्त रास्ते से गुजरना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है कि अगर ग्राम समाज द्वारा फिलहाल वैकल्पिक रूप से ही बरसात आने से पहले रास्ते का निर्माण करा दिया जाए तो लोगों को रोजमर्रा के आवागमन, विद्यालय और अस्पताल जाने हेतु एक सुरक्षित मार्ग मिल जाएगा। प्रदर्शन में मुख्य रूप से राजेंद्र प्रसाद, राम ललित सिंह, रामचरण यादव, अमित सिंह, मनोज कुमार, धर्मेन्द्र मौर्य, बसंती देवी, कौशिल्या देवी, सोनी, अनीता आदि ग्रामीण लोग उपस्थित रहे।






