O- संभव दिवस में 21 शिकायतें प्राप्त, नपा अध्यक्ष ने सभासदों को दिए निर्देश
सोनभद्र। नगर निकायों में सोमवार को आयोजित संभव दिवस में जिले की विभिन्न निकायों से कुल 21 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें प्रमुख रूप से सड़क व नाली क्षतिग्रस्त होने, साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग प्रकाश से संबंधित समस्याएं शामिल रहीं। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में संभव दिवस की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने की।
नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने संबंधित सभासदों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने वार्डों का निरीक्षण कर जेई के साथ मौके की आवश्यकता और जनसमस्या का आकलन करें। 50 और 100 मीटर तक की सड़क व नाली से संबंधित छोटी समस्याओं के लिए तत्काल प्राक्कलन तैयार कराकर निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि लोगों को छोटी समस्याओं के लिए बार-बार नगर पालिका कार्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
जिले में प्राप्त शिकायतों में नगर पालिका सोनभद्र में दो, घोरावल में एक, चुर्क-घुर्मा में दो, चोपन में चार, ओबरा में चार, रेनुकूट में शून्य, पिपरी में तीन, दुद्धी में दो, डाला बाजार में एक और अनपरा में दो शिकायतें शामिल रहीं। अधिकारियों के अनुसार शिकायतों के तत्काल निस्तारण की कार्रवाई की गई।इस मौके पर सभासद अनवर अली, अजीत सिंह, सुजीत, संत कुमार, आकाश रावत,राजीव सहित अन्य लोग मौजूद रहें।










