अमित मिश्रा
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में एक युवक का फिल्मी अंदाज में टेलीफोन टावर पर चढ़ जाना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया। मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सहिजन गांव का है, जहां प्रेम-प्रसंग को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
बताया जा रहा है कि चुर्क गांव निवासी नंदलाल नामक युवक का एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवक का दावा है कि वह युवती से शादी कर चुका है, लेकिन लड़की के परिजन इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे हैं। आरोप है कि जब युवक अपनी पत्नी को घर लाने पहुंचा, तो उसके साथ मारपीट की गई।


इसी से आहत होकर युवक ने फिल्म शोले के मशहूर सीन की तर्ज पर टेलीफोन टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। युवक को टावर पर चढ़ा देख गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस, परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
टावर से नीचे उतरने के बाद पुलिस युवक को कोतवाली ले गई, जहां दोनों पक्षों को बुलाकर मामले में बातचीत की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं टावर के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि घटना के समय वह नहाने गया हुआ था और गेट पर ताला लगा था, लेकिन युवक बाउंड्री फांदकर टावर पर चढ़ गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।






