नौगढ़ के भेड़ प्रजनन प्रक्षेत्र में वन्यजीव का हमला, 5 भेड़ों की मौत, कई घायल; एक भेड़ उठा ले गया हमलावर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील के जरहर प्रखंड स्थित बृहद भेड़ प्रजनन प्रक्षेत्र में रविवार रात एक अज्ञात वन्यजीव ने भेड़ों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं।

सोमवार सुबह फार्म के कर्मचारियों ने बाड़े में मृत भेड़ें और खून फैला देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि हमलावर जानवर एक भेड़ को अपने साथ ले गया।

घटना की सूचना मिलने पर पशु चिकित्सक डॉ. सत्य प्रकाश आर्या मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया और घायल भेड़ों का उपचार शुरू कराया। डॉ. आर्या ने बताया कि भेड़ों के शरीर पर गहरे घाव मिले हैं, जो किसी शक्तिशाली वन्यजीव के हमले का संकेत देते हैं।

वन विभाग के रेंजर अमित श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि पगमार्क और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के विश्लेषण के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हमला तेंदुए ने किया है या किसी अन्य जंगली जानवर ने।

परियोजना निदेशक विनोद तिवारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी।

इस घटना के बाद भेड़ फार्म के आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात में गश्त बढ़ाने और हमलावर जानवर को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?